करौली में पंचायत चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जगदीश प्रसाद गौड़ ने 31 अक्टूबर को चार ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। लापरवाही मिलने पर दो कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए। गौड़ ने कुडगांव, महमदपुर, मण्डावरा और चैनपुर ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्र देखे। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करने और उनके फॉर्म भरवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल कुडगांव में दोपहर 3 बजे ही विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई थी। इस पर संबंधित कार्यवाहक संस्थाप्रधान को नोटिस जारी किया गया। राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल मण्डावरा में प्रिं​सिपल सरिता मीना अनुपस्थित मिलीं। उन्हें भी नोटिस जारी किया गया। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए मिले फॉर्म संख्या-6 की स्थिति भी देखी गई। भाग संख्या 79 में 32, भाग संख्या 80 में 24, भाग संख्या 81 में 27, भाग संख्या 82 में 30, भाग संख्या 77 में 23 और भाग संख्या 78 में 22 फॉर्म मिले।