सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को करौली में रन फॉर यूनिटी रैली, प्रभात फेरी और शपथ कार्यक्रम हुए। स्काउट-गाइड, जिला प्रशासन और नेहरू युवा केंद्र की ओर से हुए कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पुरानी नगर पालिका से रन फॉर यूनिटी रैली के साथ हुई। डीएलएड शिविर के संचालक और लीडर ट्रेनर रामावतार शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली फूटा कोट, वजीरपुर गेट और कलेक्ट्रेट सर्किल होते हुए सर्किट हाउस पहुंची। वहां जिला प्रशासन की ओर से आयोजित रन फॉर यूनिटी में शामिल होकर प्रतिभागियों ने कलेक्ट्रेट तक दौड़ लगाई। इसके बाद रैली होली खिड़कियां और सीताबाड़ी होते हुए स्काउट-गाइड जिला मुख्यालय पहुंची। सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट तक निकाली गई प्रभात फेरी में विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड और नेहरू युवा केंद्र के युवाओं ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ ली। सीओ स्काउट अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला मुख्यालय पर ‘राष्ट्रीय एकता में हमारी भूमिका’ विषय पर निबंध, नारा लेखन, पोस्टर और भाषण प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें छात्र अध्यापिकाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी रमेश चंद गुप्ता, कॉलेज प्राचार्य रफीक खान और प्रोफेसर देवी सहाय प्रजापत सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।