करौली में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 60 दिवसीय टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 शुरू किया है। अभियान में युवाओं और आम लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता गतिविधियां होंगी और तंबाकू नियंत्रण कानूनों का पालन कराया जाएगा। मंगलवार को सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा ने जागरूकता पोस्टर जारी किए। इस दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ. ओमप्रकाश महावर, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष पांडे, डीपीसी आईईसी लखन सिंह लोधा, डीपीओ मुकेश कुमार गुप्ता और सोशियोलॉजिस्ट बृजभूषण मौजूद रहे। कानूनों की दी जाएगी जानकारी सीएमएचओ ने बताया कि अभियान में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान और गांव बनाने, सोशल मीडिया के जरिए जागरूकता फैलाने और युवाओं की भागीदारी पर ध्यान दिया जाएगा। कोटपा अधिनियम 2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम 2019 के तहत कार्रवाई भी की जाएगी। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को तंबाकू से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी जाएगी। अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी और रिपोर्ट राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।