खैरथल में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान संपन्न हुआ। । चुनाव परिणाम आने से पहले ही भाजपा ने अपने जिला परिषद और पंचायत समिति प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार शाम पार्टी ने सभी प्रत्याशियों को किशनगढ़बास अनाज मंडी स्थित भाजपा कार्यालय बुलाया। यहां से उन्हें बसों और निजी वाहनों के जरिए रवाना किया गया। हालांकि, पूर्व विधायक एवं भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य रामहेत सिंह यादव ने प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में भेजने की बात से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें ट्रेनिंग के लिए ले जाया गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार बहुमत के साथ जिला प्रमुख बनाएगी। किशनगढ़बास पंचायत समिति में भी भाजपा का प्रधान बनेगा। सभी चरणों का मतदान पूरा होने के बाद 20 नवंबर को एक साथ मतगणना होगी। ये पदाधिकारी रहे मौजूद प्रत्याशियों को रवाना करने के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश बटवाड़ा, किशनगढ़बास भाजपा मंडल संयोजक तेज सिंह सैनी, खैरथल भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, पार्षद हेमेन्द्र चौधरी, पार्षद शिवहरि गुर्जर, सुरेश यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।