मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने खातेगांव TI दिलीप पुरी को कुचल दिया। वे रविवार रात तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। अस्पताल में करीब दो घंटे तक CPR और इलाज किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस के मुताबिक, TI ने ट्रक ड्राइवर को बाहर आने के लिए कहा था, लेकिन ड्राइवर ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। इससे ट्रक का पिछला पहिया TI के ऊपर चढ़ गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनकी पत्नी को अनुकंपा पर SI पद और परिवार को 1 करोड़ रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा खातेगांव में पकड़ी गई शराब के बैच नंबर की शराब टिमरनी की दुकान में भी मिली। 3 शराब दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड हरदा जिला आबकारी अधिकारी सुनील भोजने ने बताया- भारतेन्द्र जायसवाल से जुड़ी तीन शराब दुकानों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। सहायक जिला आबकारी अधिकारी (ADEO) अमरसिंह बघेल, दो आरक्षकों अरुण कुम्बरे और कृष्णपाल सिंह डोडिया को निलंबित किया गया है। तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह, गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई पोस्टमॉर्टम के बाद टीआई दिलीप पुरी के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया। इसके बाद पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। तिरंगे में लिपटा TI दिलीप पुरी का पार्थिव शरीर पैतृक गांव बरमंडल पहुंचा। उनके अंतिम दर्शन के दौरान पुलिसकर्मी और परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। घटना की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। एसपी ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसआईटी बना दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। DG बोले- तस्करी नेटवर्क की जड़ तक जाएंगे पुलिस महानिदेशक (DG) उपेंद्र जैन ने बताया- शराब तस्करी नेटवर्क की पहचान कर ली गई है। शराब कहां से आई, कहां जा रही थी, उसे कौन ले जा रहा था और इसमें कौन-कौन शामिल हैं, इसकी कड़ियां सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करेगी। ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी- पुलिस आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत ने बताया- ट्रक बेस से करीब दो फीट ऊंचा है। ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी। शराब कितनी है, कहां से लाई थी, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। मामले में पुलिस ने शराब माफिया केरम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आलीराजपुर जिले के बेहड़वा से पकड़ा गया। फिलहाल उसे खातेगांव पुलिस को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। ट्रक में केरम सिंह की शराब रखी हुई थी पुलिस के मुताबिक, जिस वाहन से टीआई दिलीप पुरी को कुचला गया, उसमें केरम सिंह की शराब रखी हुई थी। वहीं, जोबट एसडीओपी आशुतोष पटेल ने बताया कि खातेगांव पुलिस की तीन टीमें ड्राइवर की तलाश में पहुंची हैं। पुलिस द्वारा आलीराजपुर, झाबुआ और गुजरात राज्य में लगातार तलाश की जा रही है। इस दौरान संबंधित वाहन के ड्राइवर और मालिक की जानकारी जुटाकर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर जांच कर रही हैं। पिता ओमप्रकाश पुरी किसान होने के साथ कांग्रेस के नेता दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमण्डल के निवासी थे। परिवार में पत्नी कविता और बेटा-बेटी हैं। उनके पिता ओमप्रकाश पुरी किसान होने के साथ कांग्रेस नेता हैं। बताया जा रहा है कि दिलीप पुरी का अंतिम संस्कार बरमण्डल में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके छोटे भाई इंदौर में निजी नौकरी करते हैं। दिलीप पुरी पहले सरकारी शिक्षक थे। वे धार जिले के बदनावर विकासखंड में शिक्षक के पद पर कार्यरत रहे हैं। उन्होंने बखतपुरा गांव के बच्चों को भी पढ़ाया था। शराब ठेकेदार के कुछ कर्मचारी हिरासत में लिए गए बताया जा रहा है कि हादसे में इस्तेमाल ट्रक रतलाम पासिंग का है। पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है। आबकारी अधिकारी सुनील भोजने ने बताया कि टिमरनी की शराब दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है। राहुल जायसवाल को SIT अपने साथ ले गई हरदा के शराब कारोबारी राहुल जायसवाल सोमवार दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां देवास SIT की टीम उन्हें अपने साथ ले गई। हालांकि, राहुल को ले जाने के मामले में एयरपोर्ट पुलिस को प्राथमिक जानकारी दी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इससे पहले राहुल जायसवाल ने भास्कर से कहा था कि उनकी शराब की दुकान नहीं है। यह दुकान उनके रिश्तेदार पाटन जायसवाल की है और वहां भूपेंद्र सिंह राणा मैनेजर हैं। राहुल ने कहा था कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उनका मुख्य काम बसों और पेट्रोल पंप का है। कमलनाथ ने सरकार को घेरा, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था की हत्या की खुली घोषणा बताया। उन्होंने ने टीआई दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं। पटवारी ने शराब तस्करी नेटवर्क की जांच की मांग की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर पोस्ट कर घटना पर सरकार को घेरा। पटवारी ने इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल बताया। पटवारी ने आरोप लगाया कि अवैध शराब का कारोबार सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने तस्करी नेटवर्क की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। मंत्री सारंग बोले- मामले के तार कांग्रेस नेताओं से जुड़े कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने इस मामले में कांग्रेस नेताओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के तार कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल की टिमरनी स्थित शराब दुकान से जुड़े हैं। दुकान के मैनेजर भूपेंद्र राणा ने भी पुलिस को अहम जानकारियां दी हैं। सारंग ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध शराब से होने वाली कमाई का इस्तेमाल कांग्रेस कार्यालय के बिजली बिल और पार्टी के कार्यक्रमों में तो नहीं हो रहा है। सिंघार बोले- माफिया के मन से शासन-प्रशासन का डर खत्म नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। सिंघार ने आरोप लगाया कि अवैध शराब माफिया ने दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया। जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की उम्मीद कैसे कर सकता है? क्या माफिया के मन से शासन-प्रशासन का डर खत्म हो चुका है? उन्होंने मुख्यमंत्री से माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। चंदाना-बिंजाना में संदिग्ध जहरीली शराब से 13 मौतें हुई थीं इससे पहले हाल ही में देवास जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर चंदाना और पास के बिंजाना गांव में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया था। ग्रामीणों ने दोनों गांवों में 20 दिन के भीतर 13 से ज्यादा लोगों की मौत होने का दावा किया था। कई लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात भी सामने आई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, मौतों का सिलसिला 27 सितंबर को शुरू हुआ था। शराब पीने के बाद लोगों को पेट दर्द, चक्कर, घबराहट और उल्टी की शिकायत हुई थी। कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई थी। इस मामले के बाद जिले में अवैध शराब के कारोबार को लेकर सवाल उठे थे। अब अवैध शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी की मौत का मामला सामने आया है। देवास और सागर के कलेक्टर-SP बदले गए थे जहरीली शराब से मौतों के मामलों के बीच देवास और सागर के कलेक्टर-SP बदले गए थे। देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत 3 आबकारी अफसरों को भी निलंबित किया गया था। …………………. ये खबरें भी पढ़ें… 1. शराब पी, सुबह उठे नहीं, 20 दिन में 13 मौतें:कई की आंखों की रोशनी चली गई सागर के बाद अब देवास जिले में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों का बड़ा मामला सामने आया है। चंदाना और पास के बिंजाना गांव में 20 दिन के भीतर मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पढ़ें पूरी खबर… 2. देवास- AI से सीखा नकली शराब बनाने का तरीका देवास के चंदाना में जहरीली शराब से मौत मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अजय राठौर ने घर पर ही नकली शराब बनाई थी। इसके बाद नकली शराब को शराब की पेटियों में मिलाकर सप्लाई किया। पढ़ें पूरी खबर…