खोरा बीसल थाना पुलिस ने चोरी और नकबजनी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी दिन में सूने मकानों की रेकी करता था और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। सूने घर को बनाया निशाना डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 17 जून को सरना डूंगर निवासी दिलीप कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि परिवार के सभी सदस्य अहमदाबाद (गुजरात) गए हुए थे। इसी दौरान चोर घर और दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। और अलमारी से करीब 4.35 लाख रुपए नगद, सोने-चांदी के जेवर, दो अंगूठियां और दो घड़ियां लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गणेश सैनी पुत्र ओमप्रकाश सैनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान आरोपी ने चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए गए। दो अन्य चोरियों का भी किया खुलासा सर्च के दौरान आरोपी ने थाना क्षेत्र में दो अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम देना भी स्वीकार किया है। पुलिस अब उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी गणेश सैनी थाना खोरा बीसल का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट सहित करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।