दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विशेष अभियान ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने किशनगढ़ में बुधवार को विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों और कैटरर्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई तरह की मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को दीपावली के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शुद्ध मिठाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार, अजय मोयल, दीपक कुमार, केसरी नंदन शर्मा, आरती वर्मा, अशोक मीणा, अजय यादव और हंसा तिवारी शामिल रहे।