बाड़मेर. भारत को जानो प्रतियोगिता में उप​स्थित लोग। भास्कर न्यूज | बाड़मेर भारत विकास परिषद की वीर दुर्गादास राठौड़ शाखा बाड़मेर ने सुमेरपुर में हुई भारत को जानो प्रांतीय प्रतियोगिता में कनिष्ठ और वरिष्ठ दोनों वर्गों में तृतीय स्थान हासिल किया। उपलब्धि के बाद शाखा और संबंधित स्कूलों में खुशी का माहौल रहा। कनिष्ठ वर्ग में नवजीवन स्कूल बाड़मेर की टीम तीसरे स्थान पर रही। वरिष्ठ वर्ग में राजकीय विद्यालय वीदों की ढाणी की टीम को तृतीय स्थान मिला। विद्यार्थियों ने भारतीय इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों, राष्ट्रीय गौरव, देश की उपलब्धियों से जुड़े सवालों के आधार पर अपनी तैयारी दिखाई। प्रतियोगिता में टीम प्रभारी मूलसिंह राजपुरोहित के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने भाग लिया। आयोजन सुमेरपुर में हुआ। इसमें अलग-अलग टीमों ने हिस्सा लिया। शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश गौड़, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप राठी, प्रांतीय संयुक्त महासचिव डॉ. लक्ष्मीनारायण जोशी, जिला संयोजक किशन सिंह राठौड़, जिला महिला संयोजक प्रियंका अग्रवाल, शाखा सचिव मुकेश माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष बस्तीराम सोनी, संस्कार संयोजक बाबूलाल खत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, टीम प्रभारी को बधाई दी। उन्होंने कहा भारत को जानो जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को देश के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, महापुरुषों के योगदान, भारतीय परंपराओं से जोड़ती हैं। पदाधिकारियों ने कहा सामान्य ज्ञान के साथ देश के प्रति सम्मान, संस्कार, राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना समय की जरूरत है। ऐसी प्रतियोगिताओं से अध्ययन में रुचि बढ़ती है। आत्मविश्वास बढ़ता है। सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलता है। शाखा पदाधिकारियों ने दोनों वर्गों में तीसरे स्थान पर रहे विद्यार्थियों की सराहना की। उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा विद्यार्थी आगे भी अच्छा प्रदर्शन कर अपने स्कूल, शाखा, बाड़मेर का नाम रोशन करेंगे।