कोटा में शिकायत पर युवक को पकड़ने पहुंचे एएसआई (ASI) ने घर में घुसकर युवक को थप्पड़ मार दिए। युवक मोबाइल से कार्रवाई का वीडियो बना रहा था, जिससे नाराज होकर पुलिसकर्मी ने उस पर हाथ उठा दिया। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो में बोरखेड़ा थाने में तैनात ASI अब्दुल हफीज घर में घुसकर युवक को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं युवक घर में बहन के साथ होने और मां के आने की बात कहता नजर आ रहा है। बोरखेड़ा थानाधिकारी अजीत बागडोलिया ने बताया- पड़ोसियों ने युवक के खिलाफ लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले में जब पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने उसके घर पहुंची, तब आरोपी खुद को नाबालिग बता रहा था। उसने थाने चलने से इनकार कर दिया और पुलिस का वीडियो बनाने लगा। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज है और जांच की जा रही है। 'मां को आने दो' कहता रहा युवक, नहीं सुनी बात पुलिस युवक को पकड़ने उसके घर गई थी। इस दौरान युवक के मोबाइल से वीडियो बनाने पर ASI नाराज हो गए और युवक के बाल खींचकर दो-तीन थप्पड़ मार दिए। वीडियो में युवक खुद को नाबालिग बताते हुए बोल रहा है कि मेरी मां घर पर नहीं है। दो मिनट रुक जाइए, मां को आने दीजिए। यदि मेरे खिलाफ कोई रिपोर्ट या शिकायत है तो बताएं, मैं थाने आ जाऊंगा। इस दौरान दो पुलिसकर्मी युवक से बहस करते नजर आ रहे हैं। परिवार का आरोप- हमारी रिपोर्ट पर नहीं हुई कार्रवाई वीडियो में युवक ने पुलिसकर्मियों से कहा- मैंने भी रिपोर्ट दी थी। इसमें अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं थोड़ी देर बाद जब उसकी मां घर पहुंची तो उन्होंने भी पुलिसकर्मियों से कहा कि जब हमने बोरखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी तो उस पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की। अब मेरे बेटे को पकड़ने आ गए।