कोटा में एक नाबालिग कोचिंग छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह करीब एक साल से कोटा में रहकर ऑनलाइन माध्यम से जेईई की तैयारी कर रहा था। शहर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को यह वारदात हुई। स्टूडेंट के पास से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा था- मम्मी-पापा सॉरी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में शिफ्ट करवाया। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया- छात्र हॉस्टल में रहकर ऑनलाइन कोचिंग कर रहा था। उसने हॉस्टल के कमरे के बाथरूम के गेट की चौखट पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब छात्र ने कमरे का गेट नहीं खोला तो हॉस्टल में मौजूद लोगों को शक हुआ। इसके बाद गेट तोड़कर अंदर देखा तो छात्र फंदे पर लटका मिला। यूपी से आएंगे परिजन, कल होगा पोस्टमॉर्टम पुलिस ने उत्तर प्रदेश में रहने वाले छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के मंगलवार को कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस फिलहाल छात्र के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच की जा रही है।