लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता को धमकी देने के मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल को मंगलवार को नोटिस दिया है। अनंतपुरा थाना सीआई महेश कुमार टीम के साथ गुंजल के घर पहुंचे और पूछताछ के लिए 7 दिन में थाने आने को कहा। इधर, गुंजल ने कहा- गिरफ्तारी से कौन डरता है। सीआई महेश कुमार ने बताया कि गुंजल के खिलाफ रानपुर थाने में आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ था। आज बीएनएस 35/3 के तहत नोटिस दिया है। दरअसल, प्रहलाद गुंजल ने 21 अक्टूबर को कोलाना गांव में एक सभा में ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता को खुली धमकी दी थी। कहा था कि सारे राजस्थान में थू-थू हुई, दत्ता जी हमारे गुरु, क्या है दत्ता? जितनी गुंडागर्दी कर रहा है, इतने लोगों के सामने कह रहा हूं, राज बदलने दो। उन्होंने कहा था कि दत्ता की यह हालत बिगाड़ूंगा कि घर में बैठे-बैठे यह सोचेगा कि मैं आत्महत्या करूं या गोली लेकर किसी को मारूं। गुंजल की ओर से दी गई धमकी का वीडियो सामने आने के बाद कॉन्स्टेबल (आसूचना अधिकारी) पुष्पेंद्र चौधरी ने मामला दर्ज करवाया था। गुंजल बोले- सबका हिसाब होगा, कोई बचेगा नहीं प्रहलाद गुंजल ने कहा कि धारा 35 पुलिस की प्रक्रिया है, उसकी सूचना का नोटिस देने पुलिस अधिकारी मेरे घर आए थे। मुझे 10 नवंबर को थाने बुलाया है, लेकिन मैंने मना कर दिया, अगली तारीख होगी तो देखेंगे। गिरफ्तारी से कौन डरता है। पूर्व विधायक ने कहा- जो राजनीतिक दुर्भावना से काम करेगा, सबका हिसाब होगा, कोई बचेगा नहीं। प्रहलाद गुंजल अकेला बोलता है तो उसके खिलाफ मामला दर्ज हो जाता है। पुलिस को यह गलतफहमी कहां से हो गई गिरफ्तारी का नोटिस देकर प्रहलाद गुंजल का आवास बंद करा दे। पुलिस ने जिन धाराओं में मामला दर्ज किया है, वो धाराएं बनती नहीं है। राजीव दत्ता तो संविदा कर्मचारी है, सरकारी सेवा से तो रिटायर्ड हो गया। गलत करने वालों का हिसाब होगा उन्होंने कहा कि पुलिस को तो मुखबिर से वीडियो मिला है। यह वीडियो 2 साल पुराना भी हो सकता है। मैं तो चैलेंज करके कह रहा हूं, जो लोग गलत कर रहे हैं। उनका हिसाब-किताब होगा, इसमें पीछे हटने वाला विषय नहीं है।
ये था पूरा मामला 21 अक्टूबर को 1 मिनट 17 सेकंड के वीडियो में गुंजल कह रहे थे- उन लोगों के सामने हमारी बात खराब मत करो, जो चमचों की भी चमचागिरी करें। दो कौड़ी के थानेदार का गुरु पूर्णिमा के रोज पैरों में धोक देकर तिलक लगा के पूजा करते हुए फोटो छपा। इतना तो पाप कर लिया यार उन लोगों ने, कितने लोगों को उजाड़ दिया। अभी कम किया क्या तुम्हारे गांव के साथ? यहां मैं ही चलाकर आया, किसी ने नहीं बुलाया मुझे। लक्ष्मणजी को मैंने ही फोन करके कहा कि यार यह तो जुल्म है। कुछ भी करो एक विरोध प्रोटेस्ट तो करो। बिना अनुमति सभा, करने और लोगों को धमकाने का आरोप पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मंदिर में बिना अनुमति सभा करने, निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करने, लोगों को उकसाने और धमकी देने के आरोप है। वहीं दूसरी ओर वीडियो की जांच में पाया गया कि प्रहलाद गुंजल सभा में लोगों को उकसा रहे हैं। इस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 223(a), 132, 308(2) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 126 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सबूत के तौर पर सभा के वीडियो वाली पेन ड्राइव को रिकॉर्ड पर लिया है। --------- ये खबर भी पढ़िए… प्रहलाद गुंजल ने ओम बिरला के OSD को दी धमकी:कहा-राज बदलने दो सबका हिसाब होगा, दत्ता की ऐसी हालत बिगाडूंगा, सोचेगा आत्महत्या करूं
कोटा में कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के खिलाफ शहर के रानपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। (पढ़िए पूरी खबर)