कोटा के राष्ट्रीय दशहरा मेले में मंगलवार को 500 से ज्यादा अत्याधुनिक ड्रोन के माध्यम से 'ड्रोन शो' का आयोजन किया गया। मंगलवार रात आसमान में टिमटिमाते तारों की छांव में जैसे आकाशगंगा पर भारत माता की जय जयकार और देश की गौरवगाथा लिख दी गई हो। इस भव्य आयोजन के दौरान आसमान में संपूर्ण रामायण के प्रसंगों और कोटा के विकास की झलक को जीवंत रूप में दिखाया गया। शो की शुरुआत होते ही सुरक्षा और संचालन के तहत पूरे दशहरा मेला प्रांगण में अंधेरा छा गया। इसके तुरंत बाद, एक साथ रंग-बिरंगी दूधिया और सतरंगी रोशनी से चमकते हुए 500 से ज्यादा ड्रोन आसमान की ओर टेक-ऑफ करने लगे। अब देखिए ये तीन फोटोज… दर्शक रोमांच से झूम उठे आसमान में उड़ते इन ड्रोन्स को देखकर मेला देखने आए हजारों दर्शक उत्साह और रोमांच से झूम उठे। आसमान में एक निर्धारित ऊंचाई पर पहुंचकर सभी ड्रोन्स ने जब विभिन्न आकृतियां बनाना शुरू किया, तो पूरा दशहरा मैदान दर्शकों कीतालियों से गूंज उठा। रोमांच करीब 45 मिनट तक चला। इस दौरान जटायु-रावण युद्ध से लेकर श्रीराम मंदिर तक मधुर स्वर लहरियों और देशभक्ति संगीतमय धुनों के बीच आसमान में एक के बाद एक दृश्य उभरते गए। माता सीता की रक्षा में जटायु और रावण के बीच हुए भीषण युद्ध का दृश्य आसमान में जीवंत हो उठा। लंका दहन भी दिखाया गया हनुमान जी की पूंछ में आग और स्वर्ण नगरी लंका के दहन के दृश्य ने सभी को स्तब्ध कर दिया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम द्वारा धनुष-बाण साधने और अधर्म पर धर्म की विजय के रूप में रावण वध का दृश्य उकेरा गया। श्री राम दरबार का आशीर्वाद देता स्वरूप तथा हनुमान जी द्वारा सीना चीरकर प्रभु राम-सीता की छवि दिखाने वाले भक्तिमय दृश्य को दर्शकों ने नमन किया। अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर की आकृति जब आसमान में चमकी, तो पूरा परिसर "जय श्री राम" के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कोटा के विकास के स्वप्न को मिला आकार धार्मिक प्रसंगों के साथ-साथ इस शो में कोटा के इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिकता को भी बखूबी दर्शाया गया। आसमान में ड्रोन की मदद से कोटा का प्रसिद्ध हैंगिंग ब्रिज और बहुप्रतीक्षित कोटा हवाई सेवा की विहंगम आकृति बनाई गई। यह दृश्य लोक सभा स्पीकर ओम बिरला के कोटा को हवाई सेवा से जोड़ने के स्वप्न के साकार रूप को प्रदर्शित कर रहा था, जिसे देखकर कोटावासियों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। मोबाइलों में कैद हुए ऐतिहासिक पल आसमान में घटित हो रहे इस असीम सौंदर्य और दृश्यों को कैमरे में कैद करने के लिए हर कोई आतुर नजर आया। दर्शकों ने अपने मोबाइलों से आसमान की ओर रुख कर इन अविस्मरणीय पलों की तस्वीरें और वीडियो बनाए। शो के समापन पर भारत माता के जयकारों से पूरा कोटा शहर गूंज उठा। यह ड्रोन शो कोटा दशहरा मेले के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया।