कोटा-झालावाड़ हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 3 छात्र घायल हो गए। इनमें एक 16 वर्षीय छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। हादसा शुक्रवार शाम रानपुर थाना क्षेत्र के जगपुरा इलाके में हुआ। मदद के लिए रुके पुलिसकर्मियों को भी मारी टक्कर इसी दौरान घायलों की मदद के लिए रुके ग्रामीण पुलिस के DSP अरुण कुमार की गाड़ी को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। गाड़ी में सवार पांच पुलिसकर्मियों को भी अंदरूनी चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, मंडाना निवासी सावन मीणा (16) अपने दोस्त रितेश और रविंद्र के साथ रोजाना कोटा में निजी कोचिंग क्लासेस में दसवीं की पढ़ाई के लिए आता था। शुक्रवार दोपहर तीनों बाइक से कोटा आए थे। शाम को घर लौटते समय जगपुरा और सुधा हॉस्पिटल के बीच एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान सावन की मौत हो गई। कोटा से सुकेत जा रहे थे DSP इधर, DSP अरुण कुमार कोटा से सुकेत जा रहे थे। जगपुरा के पास सड़क किनारे घायल युवकों को देखकर उन्होंने ड्राइवर से गाड़ी रुकवाई। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें सवार पांचों पुलिसकर्मियों को अंदरूनी चोटें आईं। DSP ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम और चौकी स्टाफ को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से तीनों घायल छात्रों को अस्पताल पहुंचाया गया। DSP के अनुसार, उन्होंने घायलों को प्राथमिकता से अस्पताल भिजवाया और ट्रक चालक के खिलाफ भी शिकायत दी है।