कोटा में जल्द ही दो नए फायर स्टेशन शुरु होंगे। शहर के नदी पार क्षेत्र नया नोहर और बारां रोड पर नए फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए कोटा विकास प्राधिकरण ने नगर निगम को जमीन आवंटित कर दी है। नए फायर स्टेशन बनने से गाड़ियों का रिस्पॉन्स टाइम घटेगा। कोटा विकास प्राधिकरण(KDA) के गठन के बाद कई ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्र भी शहरी सीमा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में कैथून रोड, बारां रोड और नदी पार इलाकों में आगजनी होने पर दमकलों को काफी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे मौके पर पहुंचने में देरी होती थी और नुकसान का खतरा बढ़ जाता था यहां मिली जमीन बारां रोड (नया नोहरा) क्षेत्र स्थित कंवरपुरा के खसरा नंबर 203 में भूखंड संख्या एक आवंटित की गई है। नदी पार (नांता क्षेत्र) में 1698 वर्ग मीटर जमीन आवंटित हुई है। नांता में अग्निशमन केंद्र के हिसाब से जमीन कम होने के कारण निगम की ओर से लगभग 2137.33 वर्ग मीटर अतिरिक्त जमीन दिए जाने की मांग की गई है। केडीए को राज्य सरकार से जमीन आवंटन संबंधी स्वीकृति मिल चुकी है। शहर में फिलहाल हैं 6 फायर स्टेशन वर्तमान में नगर निगम कोटा के पास कुल 6 फायर स्टेशन हैं। इनमें सब्जीमंडी, श्रीनाथपुरम, भामाशाह मंडी, रानपुर, कैथून,खेड़ली फाटक है। कोटा का दायरा कैथून, मंदाना और तालेड़ा तक बढ़ चुका है। नदी पार या बारां रोड पर कोई घटना होने पर अभी सब्जीमंडी, श्रीनाथपुरम या खेड़ली फाटक से गाड़ियां भेजनी पड़ती हैं। भविष्य में मंडाना और तालेड़ा क्षेत्र में भी नए फायर स्टेशन बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। फायर विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है। नदी पार और बारां रोड पर लंबे समय से फायर स्टेशन की आवश्यकता थी। नगर निगम की मांग पर केडीए ने राज्य सरकार से स्वीकृति के बाद जमीन आवंटित कर दी है। अब प्रयास है कि जल्द से जल्द यहां फायर स्टेशन का निर्माण कराकर काम शुरू कराया जाए।