कोटा ग्रामीण के मंडाना कस्बे में देर रात साइलेंट किलर' कॉमन करैत सांपों के बीच लड़ाई देखने को मिली। दोनों सांप मेन बाजार स्थित सेठियों की गली में सड़क पर एक-दूसरे से लिपटकर संघर्ष कर रहे थे। इस दौरान एक सांप ने दूसरे का मुंह पकड़कर उसे निगलना शुरू कर दिया। लोगों ने इसकी सूचना वन्यजीव प्रेमी ललित बौरासी को दी। डिब्बे के अंदर भी लड़ते रहे सांप सूचना पर मौके पर पहुंचे ललित बौरासी ने दोनों सांपों को अलग कर रेस्क्यू किया और एक बड़े डिब्बे में सुरक्षित रख लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, डिब्बे के अंदर भी दोनों सांपों के बीच संघर्ष जारी रहा। सुबह जब ललित बौरासी दोनों सांपों को जंगल में छोड़ने पहुंचे तो डिब्बे में एक ही सांप मिला। जांच में सामने आया कि एक कॉमन करैत दूसरे को निगल चुका था। दोनों सांपों की लंबाई करीब डेढ़ से दो फीट थी। भारत के चार सबसे जहरीले सांपों में शामिल ललित बौरासी के अनुसार, इंडियन कॉमन करैत भारत के चार सबसे जहरीले सांपों में शामिल है। यह सांप मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है। कई बार सोते समय भी लोगों को काट लेता है। इसके काटने पर शुरुआत में दर्द या अन्य लक्षण स्पष्ट नहीं होने के कारण इसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है।