कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने जटिल सर्जरी कर 16 साल की लड़की के पेट से करीब 10 किलो वजन की सिस्ट निकाली। किशोरी के पेट में कई सिस्ट फैल गई थीं, जिससे उसका पेट काफी भारी हो गया था। दरअसल, पेट दर्द से परेशान बालिका का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन राहत नहीं मिलने पर परिजन उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सफल ऑपरेशन के बाद बालिका की स्थिति अब ठीक है। जांच में पेट में मिली बड़ी सिस्ट सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं यूनिट हेड डॉ. आरजी मीणा ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों को पेट में छोटी-बड़ी आकार की कई सिस्ट मिलीं। ये लगभग पूरे पेट में फैली हुई थीं और आसपास के अंगों पर दबाव डाल रही थीं। सभी सिस्ट को हिस्टोपैथोलॉजी जांच के लिए भेजा डॉक्टर्स की टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन कर सभी सिस्ट बाहर निकाली। इनका कुल वजन करीब 10 किलोग्राम निकला। सिस्ट की प्रकृति और बीमारी की अंतिम पुष्टि के लिए निकाले गए टिश्यू को हिस्टोपैथोलॉजी जांच के लिए भेजा गया है। इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं यूनिट हेड डॉ. आरजी मीणा ने किया। टीम में डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. सुरेंद्र, डॉ. निखिल और डॉ. नवनीत शर्मा शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम से डॉ. एससी दुलारा और डॉ. हंसराज ने सहयोग किया। नर्सिंग स्टाफ के सोनू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।