कोटा में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- शिखर अग्रवाल मामले में अगर जरूरत पड़ी तो सीबीआई से भी जांच करवाई जाएगी। मंत्री खर्रा ने कहा- वर्तमान में एंटी करप्शन ब्यूरो ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा- अगर आगे जांच की जरूरत महसूस हुई, तो राज्य सरकार मामले की सीबीआई से जांच कराने का प्रयास करेगी और इससे पीछे नहीं हटेगी। कोटा में सर्किट हाउस में बुधवार शाम को मीडिया से बात करते हुए मंत्री खर्रा ने यह कहा। कहा- मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के बयानों पर जनता करेगी फैसला राजनीतिक बयानों और एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोपों पर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा जो बातें कही जा रही हैं, उनका सही निर्णय जनता जनार्दन को करना चाहिए कि कौन सही है और कौन गलत। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब तक राजस्थान में ऐसे कई काम और बातें हुई हैं। इन पर चर्चा की जाए तो लंबी फेहरिस्त बन जाएगी। आरोप-प्रत्यारोप का अंतिम फैसला जनता पर ही छोड़ना सबसे बेहतर है। दूसरों पर टिप्पणी से पहले गिरबान में झांकें राहुल गांधी विपक्ष और राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मंत्री खर्रा ने कहा- जिस पार्टी का आधार ही अतीत के सम्मेलनों और इतिहास में सवालिया निशानों से घिरा रहा हो, उन्हें दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा- ऐसा करने से हास्यास्पद स्थिति उत्पन्न होने से बच जाएगी।