कोटा में नाबालिग का किडनैप कर रेप करने के मामले में दोषी युवक को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। 30 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। मामला करीब 23 महीने पुराना है। फैसला पॉक्सो कोर्ट जज प्रशांत अग्रवाल ने सुनाया है। वकील महेश चांदवानी ने बताया कि दिसंबर 2024 को पीड़िता के भाई ने जिले के ग्रामीण इलाके में एक थाने में शिकायत दी थी। रिपोर्ट में बताया था कि 3 दिसंबर की रात को परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर घर में सो गए थे। सुबह उठे तो 16 साल की बहन घर पर नहीं थी। तलाश करने पर पता चला कि पड़ोस में रहने वाला 19 साल का युवक भी घर से गायब है। ऐसे में युवक पर शक हुआ। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। करीब 22 दिन बाद नाबालिग पीड़िता को दस्तयाब किया और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया। कोर्ट में 15 गवाहों के बयान करवाए और 34 दस्तावेज पेश किए गए।