कोटा ग्रामीण के मोडक थाना क्षेत्र के तैलियाखेड़ी गांव में ट्रांसफार्मर की अर्थिंग का तार हटाने को लेकर हुए विवाद में किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 1 नवंबर से आरोपियों को रिमांड पर ले रखा था। दरअसल, 27 अक्टूबर को आरोपियों ने सुरेश चंद अहीर और उनकी पत्नी शंभूबाई पर लोहे के फावड़े, लकड़ियों और सरियों से हमला किया था। गंभीर घायल सुरेश चंद की झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी का इलाज जारी है। ये था मामला पुलिस के अनुसार, खेत में लगे डीपी ट्रांसफार्मर का पोल और अर्थिंग तार सुरेश चंद के खेत की तरफ था। उन्होंने और उनकी पत्नी ने तार हटाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद आरोपियों ने दंपती पर हमला कर दिया। मृतक के बेटे महेंद्र कुमार की रिपोर्ट पर मोड़क थाने में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा था कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 नवंबर को छह आरोपियों नरेश कुमार (48), मनीष कुमार (36), मुकुट बिहारी (28), जयप्रकाश (30), दिनेश कुमार (33) और ललित कुमार (31) निवासी तैलियाखेड़ी को गिरफ्तार किया।