कोटा में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सरपंच पद के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने NOTA का भी इस्तेमाल किया। चेचट और खैराबाद पंचायत समिति की 47 में से 46 ग्राम पंचायतों में वोटर्स ने NOTA को वोट दिया। ग्राम पंचायतों में NOTA को मिले वोट और खारिज मतों के आंकड़ों में काफी अंतर देखने को मिला। चेचट व खैराबाद में हार जीत के अंतर से ज्यादा वोट रिजेक्ट हुए। चेचट पंचायत समिति की मोड़क ग्राम पंचायत में NOTA को सबसे ज्यादा 32 वोट मिले , जबकि खैराबाद पंचायत समिति की सातलखेड़ी में सबसे ज्यादा 35 वोट NOTA को मिले। वहीं, गोयन्दा ग्राम पंचायत में एक भी वोट NOTA को नहीं पड़ा और न ही कोई मत खारिज हुआ। चेचट पंचायत समिति चेचट ग्राम पंचायत में 32 वोटर्स ने NOTA को वोट डाला। यहां 7969 में से 6502 मतदाताओं ने वोट डाले। 232 वोट रिजेक्ट हुए। 1681 वोट लेकर दिनेश कुमार मीणा सरपंच बने। जबकि बलराम को 1524 वोट मिले। यहां 157 वोट से हार जीत हुई। चेचट पंचायत समिति की 24 ग्राम पंचायत में 21 से लेकर 233 वोट रिजेक्ट हुए। जबकि सभी पंचायत में NOTA को भी वोट डले। भटवाडा ग्राम पंचायत में केवल एक मतदाता ने NOTA को वोट डाला। यहां सरपंच पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। खैराबाद पंचायत समिति खैराबाद ग्राम पंचायत में 8920 में से 7345 वोटर्स ने मतदान किया। 308 वोट रिजेक्ट हुए। 30 ने NOTA को वोट दिया। यहां 21 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। खैराबाद पंचायत समिति के 23 ग्राम पंचायत में से सातलखेड़ी में सबसे ज्यादा 35 वोटर ने NOTA को वोट दिया। गोयन्दा ग्राम पंचायत में एक भी वोट रिजेक्ट नहीं हुआ। ना ही किसी ने NOTA को वोट किया। जबकि यहां सरपंच पद के लिए 8 प्रत्याशी मैदान में थे।