त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन और मौजूदा ट्रेनों में कोच बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत कोटा से सीकर के नजदीक रशीदपुर खोरी के बीच एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। वहीं, गुजरात के उत्राण (सूरत के पास) से लालकुआ (हल्द्वानी के पास) के बीच दो-दो फेरे स्पेशल ट्रेन संचालित होगी। इसके अलावा जयपुर-बयाना एक्सप्रेस का भरतपुर तक अस्थायी विस्तार किया गया है। जोधपुर-तिरुच्चिरापल्ली एक्सप्रेस में भी अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। कोटा-रशीदपुर खोरी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, 18 नवंबर को होगा पहला फेरा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09801 कोटा-रशीदपुर खोरी स्पेशल 18 नवंबर को कोटा से रात 9:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन लाखेरी, इंदरगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, दौसा, जयपुर, ढेहर का बालाजी, रींगस और सीकर होते हुए अगले दिन सुबह 5:40 बजे रशीदपुर खोरी पहुंचेगी। जयपुर-बयाना एक्सप्रेस अब भरतपुर तक जाएगी रेलवे ने गाड़ी संख्या 19721/19722 जयपुर-बयाना-जयपुर एक्सप्रेस का अस्थायी रूप से भरतपुर तक विस्तार किया है। यह ट्रेन 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक कुल 15 ट्रिप भरतपुर तक संचालित होगी। इससे जयपुर, बयाना और भरतपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। जोधपुर–तिरुच्चिरापल्ली एक्सप्रेस में लगेगा एक स्लीपर कोच रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-तिरुच्चिरापल्ली एक्सप्रेस में भी एक एक्स्ट्रा स्लीपर कोच लगाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 20481 (जोधपुर-तिरुच्चिरापल्ली): जोधपुर से 4 से 25 नवंबर 2026 तक निर्धारित संचालन दिनों में एक्स्ट्रा स्लीपर कोच लगाया जाएगा। गाड़ी संख्या 20482 (तिरुच्चिरापल्ली-जोधपुर): तिरुच्चिरापल्ली से 7 से 28 नवंबर 2026 तक निर्धारित संचालन दिनोंं में अतिरिक्त कोच की सुविधा मिलेगी। रेलवे के इन इंतजामों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ते यात्रीभार को नियंत्रित करना और यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराना है।