कोटा में तीन मंजिला बिल्डिंग में काम करने के दौरान एक मजदूर की नीचे गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग उसे एमबीएस अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बिहारी लाल (45) बूंदी के पीपल्दा जागीर का रहने वाला था। मृतक के दोस्त ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने काम के दौरान मजदूर को सेफ्टी बेल्ट नहीं दी थी। जानकारी के अनुसार बिहारी लाल पिछले कई सालों कारीगरी का काम कर रहा था। शुक्रवार को विज्ञान नगर इलाके में एक अंडर-कंस्ट्रक्ट साइट पर काम कर रहा था। इस दौरान वो तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे में उसका सिर फट गया और गंभीर चोटें आईं। आरोप- ठेकेदार ने सेफ्टी बेल्ट नहीं दी थी मृतक के दोस्त राजेंद्र गुर्जर ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि काम के दौरान बिहारी लाल को सेफ्टी बेल्ट नहीं दी गई थी। सेफ्टी के कोई इंतजाम भी नहीं थे। हादसे के बाद ठेकेदार उसे अस्पताल पहुंचाकर वहां से चला गया। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। इस संबंध में विज्ञान नगर थाने में शिकायत दी गई है। परिजनों ने मुआवजे की मांगी की मृतक के दोस्त के अनुसार बिहारी के दो बच्चे हैं और परिवार में वो अकेला कमाने वाला था। परिजनों ने ठेकेदार से मुआवजा दिलाने के साथ प्रशासन से भी मुआवजा देने की मांग की है। विज्ञान नगर थाना अधिकारी रामलक्ष्मण ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिया गया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच की जा रही है। सरकारी प्रावधानों के अनुसार मिलने वाली सहायता राशि दिलाने की कार्रवाई भी की जाएगी।