कोटा में बेटे के साथ अपने मायके जा रही महिला रास्ते में ही फ्लाईओवर से कूद गई। छलांग लगाकर रेलवे ट्रैक पर गिरी और 2 मिनट बाद आई ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार रात उद्योग नगर थाने का है। मौके पर पहुंची पुलिस शव को एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गई। बेटे को पैदल चलने को कहा,फिर लगा दी छलांग उद्योग नगर थाने के एएसआई कुंवर सिंह ने बताया कि अंजू बाई (52) शहर के प्रेम नगर इलाके की रहने वाली थी। बेटे दीपक के साथ बाइक पर शुक्रवार रात अपने पीहर केवल नगर जा रही थी। बेटे से पूछताछ में सामने आया है कि दोनों भामाशाह मंडी रोड स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचे थे। इस दौरान मां ने उसे कुछ देर पैदल चलने के लिए कहा था। तब अचानक वह फ्लाईओवर से नीचे कूद गई। नीचे रेलवे ट्रैक पर गिरी। दो मिनट बाद ट्रैक पर आई ट्रेन ने चपेट में ले लिया और मौके पर ही मौत हो गई। परिवार बोला-बीमारी के कारण परेशानी थी एएसआई ने बताया कि परिवार का कहना है कि महिला बीमारी से पीड़ित थी। कुछ समय पहले ही उसका ऑपरेशन हुआ था। बीमारी के चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी। शनिवार को पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करनी चाही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने लिखित में सहमति लेकर शव परिजनों को सौंप दिया।