कोटपूतली-बहरोड़ जिले में युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के लिए 60 दिन का ‘टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0’ शुरू किया गया है। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता के निर्देश पर शुरू हुआ यह अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य किशोरों और युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें इसकी लत से दूर रखना है। स्कूल-कॉलेजों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम अभियान में 14 से 18 साल के किशोरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने बताया कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पोस्टर, बैनर, प्रेजेंटेशन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों में तंबाकू मुक्त संस्थान की गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए भी गतिविधियां होंगी। सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक पहुंचेगा संदेश अभियान के तहत फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों के वीडियो संदेश जारी होंगे। युवाओं को एक से दो मिनट के जागरूकता वीडियो, कविता और संदेश तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। चयनित सामग्री विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाएगी। अभियान की गतिविधियों की रोजाना रिपोर्टिंग भी होगी। नियम तोड़ने वाली दुकानों पर होगी कार्रवाई शिक्षण संस्थानों के आसपास की दुकानों और थड़ियों पर प्रतिबंधित तंबाकू सामग्री मिलने पर नियमानुसार चालान किया जाएगा। जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के जिला कार्यक्रम अधिकारी रविकांत जांगिड़ ने बताया कि अभियान में तंबाकू नियंत्रण कानून-2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम-2019 की पालना कराई जाएगी। ई-सिगरेट सहित प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के इस्तेमाल और बिक्री पर नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी। तंबाकू छोड़ने वालों को मिलेगी काउंसलिंग और निकोटीन गम डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रमोद सिंह भदोरिया ने बताया कि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को काउंसलिंग दी जाएगी। जरूरत के अनुसार निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी के तहत निकोटीन गम भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा तंबाकू का सेवन करने वाले टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें तंबाकू मुक्ति केंद्रों पर भेजा जाएगा।