कोटपूतली में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मावा बनाने वाली इकाइयों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मावा और कलाकंद के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। निरीक्षण में साफ-सफाई की कमी मिलने पर एक फर्म को सुधार नोटिस भी जारी किया गया। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जय भवानी मावा भंडार का निरीक्षण किया। यहां से मावा और कलाकंद के नमूने लिए गए। फर्म में साफ-सफाई ठीक नहीं मिलने पर संचालक को सुधार नोटिस जारी कर जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए गए। मिठाई विक्रेताओं को दिए सफाई रखने के निर्देश विभाग की टीम ने हाजीपुर दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से भी मावा और कलाकंद के नमूने लिए। वहीं, भारत मिष्ठान भंडार के संचालक को खाद्य सामग्री बनाने और रखने के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने के साथ खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। मोबाइल लैब से मिलावट के प्रति किया जागरूक मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) के जरिए लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट के बारे में जागरूक किया गया। मिठाई विक्रेताओं और आमजन को बताया गया कि खुले में रखी मिठाइयां स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। मिठाइयों को ढककर रखने और धूल-मिट्टी व बाहरी संक्रमण से बचाने की सलाह दी गई। विभाग के अनुसार, लिए गए नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।