भास्कर न्यूज | टोंक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (एडीजे) दिनेश कुमार जलुथरिया ने मंगलवार को आदर्श दिव्यांग विशेष आवासीय स्कूल, टोंक का निरीक्षण किया। स्कूल में पंजीकृत 50 बालकों में से केवल 10 बालक उपस्थित मिले। शेष बालकों के दीपावली अवकाश पर परिजनों के साथ जाने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने स्कूल की शैक्षणिक व आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं, बालकों के बैठने व रहने की व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई, भोजन, पेयजल की उपलब्धता का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्कूल में संधारित विभिन्न रजिस्टरों की भी जांच की। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। जज ने उपस्थित बच्चों से बातचीत की। उन्होंने उनकी गतिविधियों व पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। स्कूल स्टाफ से बच्चों की शिक्षा, मनोवैज्ञानिक परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। न्यायाधीश ने बच्चों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित बच्चों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने उनके मूल अधिकारों व मूल कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।