भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोशल मीडिया पर बन रही रील्स और ट्रोलिंग को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि पैसे के लालच में लोग घटिया रील्स बना रहे हैं। वे खुद सोशल मीडिया के भुगतभोगी हैं। राठौड़ जयपुर में आज (सोमवार) को एक निजी होटल में बीजेपी सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था। जिसकी कई बार राठौड़ को सफाई देनी पड़ी थी। सोशल मीडिया के जमाने में बड़ा चैलेंज भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग करके हमने बहुत सफलता प्राप्त की है। लेकिन आज हमारे सामने बड़ा चैलेंज है। सोशल मीडिया का लोग दुरुपयोग कर रहे हैं। हमें सावधान रहना है और नेगेटिव नेरेटिव को पकड़कर ऐसे लोगों को बेनकाब करना है। मदन राठौड़ ने की अपील भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस कार्यशाला से सीख लेकर संगठित तरीके से भ्रामक सूचनाओं का मुकाबला करें। मदन राठौड़ बोले - आज हमारे सामने यह सबसे बड़ी चुनौती है। आप और हम सब सब जानते हैं और मैं सोचता हूं कि मैं तो इसका भुगतभोगी ही हूं। आप में से भी कई लोग इसके भुगतभोगी रहे होंगे। पैसे के लालच में लोग बना रहे घटिया रील्स मदन राठौड़ ने कहा कि पैसे के लालच में लोग घटिया रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर देते हैं, जिसका स्थान हमारी संस्कृति में नहीं है। इन्हें बच्चे देखते हैं और उनकी गलत सोच बनती है। हमें इस चुनौती को स्वीकार करना है और ऐसे लोगों को नेस्तनाबूद करना है। कई बार हो चुके सोशल मीडिया पर ट्रोल दरअसल, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सोशल मीडिया पर कई बार ट्रोल हो चुके हैं। पिछले महीने उनके पाकिस्तान पर दिए बयान के चलते उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था।