भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ रविवार को डूंगरपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे। उन्होंने दो परिवारों से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और आगामी पंचायती राज चुनाव में जीत का दावा किया। जयपुर-असारवा ट्रेन से डूंगरपुर स्टेशन पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया। राठौड़ डूंगरपुर शहर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष करुण ननोमा के घर पहुंचे। उन्होंने ननोमा के युवा पुत्र के आकस्मिक निधन पर परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद वे बरबोदनिया गांव गए। वहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निजी सचिव शैलेश शर्मा की मां के निधन पर उनके परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं। स्वच्छता मॉडल और सौंदर्यीकरण के कामों की सराहा दौरे के दौरान राठौड़ ने स्वच्छता के राष्ट्रीय ब्रांड एम्बेसेडर के. के. गुप्ता के साथ शहर के पर्यटन स्थलों का दौरा किया। उन्होंने शहर के स्वच्छता मॉडल और सौंदर्यीकरण के कामों की सराहना की। राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आगामी पंचायती राज चुनाव में पिछले निकाय चुनावों के दो-तिहाई से अधिक बहुमत से भी ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर भाजपा के प्रत्याशी जीतेंगे।