राष्ट्रसंत आचार्य पुलक सागर महाराज के भीलवाड़ा में चल रहे चातुर्मास के दौरान सकल दिगंबर जैन समाज टोंक के प्रतिनिधिमंडल ने भीलवाड़ा पहुंचकर आचार्य के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने आचार्य को श्रीफल भेंट कर टोंक में शीतकालीन प्रवास के लिए मंगल निवेदन किया। आचार्य ने समाजजनों को मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए शीतकालीन प्रवास के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन नसिया अमीरगंज टोंक के अध्यक्ष भागचंद फूलेता, कार्यकारी अध्यक्ष धर्मचंद दाखिया, मंत्री टोनी आंडरा, अमित छामुनिया, आदिश गंगवाल, पप्पू, धर्मचंद, विमल बरवास एवं शेखर अरनिया सहित समाज के कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने आचार्य के चरणों में श्रीफल अर्पित कर धर्मलाभ प्राप्त किया। 9 नवंबर को मनेगा भगवान महावीर का मोक्ष कल्याणक दिगंबर जैन नसिया अमीरगंज टोंक में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक महापर्व 9 नवंबर को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। समाज के प्रवक्ता पवन कंटान एवं कमल सर्राफ ने बताया कि इस अवसर पर सुबह 7:15 बजे बड़ा तख्ता जैन मंदिर में तथा सुबह 8 बजे श्री दिगंबर जैन नसिया अमीरगंज टोंक में भगवान महावीर स्वामी के चरणों में श्रद्धालुओं द्वारा भक्तिभाव से निर्वाण लाडू अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर में भगवान महावीर स्वामी के प्रथम गणधर गौतम स्वामी की पूजा-अर्चना की जाएगी। उन्होंने बताया कि भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक जैन समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं पावन पर्व है। इस दिन श्रद्धालु भगवान के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह तथा जियो और जीने दो के संदेश का स्मरण करते हुए धर्म आराधना करेंगे। समारोह को लेकर समाज के श्रद्धालुओं में उत्साह है।