सिरोही जिले के पिंडवाड़ा के मालेरा गांव में शनिवार शाम करीब 5 बजे रतनजोत के बीज खाने से 7 बच्चे बीमार हो गए। उन्हें पहले पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत चिंताजनक होने पर सिरोही जिला सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। गांव में मजदूरी के लिए पहुंचे चार-पांच परिवारों के बच्चे पास में खेल रहे थे। वे रतनजोत के पेड़ के नीचे बिखरे बीज खाने लगे। इसके बाद अमित (2), सुशीला (4), कल्पना (6) और रुचिका (4), रिया (7), नीलम (6) और सोनिया (4) बीमार हो गईं। बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के पूछने पर परिजनों ने बताया कि बच्चों ने रतनजोत के बीज खाए थे। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को एम्बुलेंस 108 से सिरोही के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने बच्चों का इलाज शुरू किया। रात करीब 9 बजे तबीयत में सुधार होने पर उन्हें बच्चों के वार्ड में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।