झुंझुनूं के मलसीसर कस्बे के मंड्रेला रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास कार और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को उपचार के लिए मलसीसर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं रैफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गोखरी निवासी अनिल (19) पुत्र रामस्वरूप और रौनक (18) पुत्र रोहिताश बाइक पर सवार होकर मंड्रेला रोड स्थित पेट्रोल पंप की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी बाइक की एक कार से भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से दोनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलसीसर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।