राष्ट्रीय दशहरा मेला के तहत बुधवार रात को सिने संध्या स्टार नाइट का आयोजन हुआ। जिसमें मीका सिंह ने प्रस्तुति दी। मंच पर मीका सिंह के कदम रखते ही दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। हजारों की संख्या में उपस्थित संगीत प्रेमियों ने तालियों, सीटियों और उल्लासपूर्ण तरीके से उनका आत्मीय स्वागत किया, जिसके जवाब में मीका ने जय श्री राम बोलकर सभी का अभिवादन किया। मीका सिंह ने अपनी प्रस्तुति की धमाकेदार शुरुआत रूहानी सूफी गीत दमादम मस्त कलंदर से की। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थानी स्वागत गीत 'केसरिया बालम...' गुनगुनाकर स्थानीय संस्कृति का मान रखा। इसके बाद लगे 440 वॉट तेरे छूने से से युवाओं में ऊर्जा भर दी। पुरानी यादों को ताज़ा करते हुए उन्होंने महान गायक किशोर कुमार का कालजयी गीत इंतहा हो गई इंतजार की अपने खास अंदाज में पेश किया। उनके मशहूर ट्रैक सावन में लग गई आग के ओरिजिनल और रीमिक्स वर्ज़न ने मैदान में मौजूद दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। दर्शकों की फरमाइश पर उन्होंने जुत्ती मेरी जैसे लाइव पंजाबी फोक और दिन शगना जैसे भावनात्मक वेडिंग ट्रैक भी पेश किए। कुछ देर के लिए नाराजगी भी दिखाई मंच पर मीका सिंह के कार्यक्रम के दौरान मेले में लगे झूलों के लाउडस्पीकर से भी अनाउंसमेंट और गाने की आवाजे आ रही थी। इस पर मीका ने कहा कि ये रेडियो को बंद करवा दिजिए, नहीं तो मैं बंद कर दूंगा। यहां ये क्या लगा रखा है, इस शोर को बंद करवाईए। लोग यहां पर गानों का आनंद लेने के लिए आए हुए हैं उन्हें आनंद लेने दो।