मित्रपुरा तहसील मुख्यालय पर शनिवार को श्री श्याम युवा मंडल के तत्वावधान में श्री श्याम निशान यात्रा एवं विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। धार्मिक उत्साह और बाबा श्याम के जयकारों के बीच निकली निशान यात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा और इत्र वर्षा कर स्वागत किया गया। मंडल के शुभम गोयल, गौरव शर्मा और मोहित गोयल ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे श्री सीताराम जी मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निशान यात्रा रवाना हुई। यात्रा कानूंगा मोहल्ले से होते हुए मुख्य बाजार पहुंची। यहां से श्री गणेश जी मंदिर पहुंचने के बाद बौंली रोड होते हुए मीठी कोठी के रास्ते कार्यक्रम स्थल पहुंची। यहां आरती के साथ निशान यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कस्बे में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा एवं इत्र वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इससे पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में नजर आया। इस दौरान मोहित गर्ग, रोहित सिंह, अंकित गोयल, विजय सैनी, महेंद्र सैनी सहित मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु : निशान यात्रा के बाद रात्रि 8 बजे से विशाल श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जयपुर और निवाई सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे गायक कलाकारों ने बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।