कमल वैष्णव पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र (इको सेंसिटिव जोन) माउंट आबू में सोफिया स्कूल के सामने स्केचिंग रिंग स्थित करोड़ों रुपए मूल्य की जमीन पर फर्जीवाड़े और कब्जे का मामला सामने आया है। हिल स्टेशन माउंट आबू में विधायक के बेटे द्वारा रसूख के दम पर आरोपियों ने पहले किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दूसरे वार्ड का पट्टा हासिल किया और फिर उसकी आड़ में वार्ड नंबर 8 में स्थित पीड़ित की जमीन पर अवैध निर्माण शुरू कर दिया। हालांकि, कोर्ट के दखल और उपखण्ड अधिकारी द्वारा फिलहाल निर्माण सामग्री के परिवहन टोकन जारी करने पर रोक लगा दी गई है, जिससे मौके पर निर्माण कार्य बंद हो गया है। पीड़ित सचिन और उनकी मां सुनीता का कहना है कि इस जमीन पर उनके परिवार का पिछले करीब 60 वर्षों से कब्जा है। आरोप है कि क्षेत्रीय विधायक समाराम गरासिया के बेटे गोपाल राम ने नगरपालिका की मिलीभगत से एक खाली भूखंड का फर्जी पट्टा तैयार करवा लिया। दूसरी जगह वाला पट्टा 3 फरवरी 2025 को रामसिंह के नाम पर जारी किया गया था, जिसकी बाद में 1 मई 2025 को गोपालराम के पक्ष में रजिस्ट्री (सेल डीड) करवा दी गई। दरअसल, यह पट्टा किसी अन्य वार्ड का दर्शाया गया था, लेकिन इसके आधार पर वार्ड नंबर 8 (पूर्व में वार्ड 3) में स्थित पीड़ित परिवार की जमीन पर जबरन निर्माण किया जा रहा था।