किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर मूंग एवं मूंगफली की खरीद के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। झुंझुनूं जिले में खरीद केंद्रों पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सहकारी समिति संयुक्त रजिस्ट्रार विभा खेतान ने बताया कि जिले में कुल 6 क्रय-विक्रय सहकारी समितियों, 2 उपखंड एवं 12 जीएसएस खरीद केंद्रों पर मूंग और मूंगफली की खरीद के लिए केंद्र स्थापित किए गए हैं। सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ही किसानों से उनकी उपज खरीदी जाएगी। समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा। फसलों का निर्धारित समर्थन मूल्य संयुक्त रजिस्ट्रार विभा खेतान ने बताया कि पंजीकरण केवल उसी किसान के नाम से दर्ज करवाएं, जिसके नाम पर फसल की गिरदावरी दर्ज है। संयुक्त खाते की स्थिति में किसान केवल अपने हिस्से की भूमि ही पंजीकरण में शामिल करें। अन्य खातेदारों की भूमि शामिल करने के लिए संबंधित खातेदारों का सहमति पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। संयुक्त रजिस्ट्रार ने बताया कि बिना सहमति के अन्य खातेदारों की भूमि को पंजीकरण में शामिल नहीं किया जाए।