सोशल मीडिया पर मोटा मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले युवक को नगरफोर्ट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दो शिकायतें दर्ज मिली हैं, जिनमें एक लाख रुपए से अधिक की ठगी की राशि सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग बैंकों की 18 चेकबुक, 25 पासबुक, 17 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और जियो वाई-फाई डिवाइस बरामद की है। एसपी रोशन मीणा के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर वॉर के तहत नगरफोर्ट थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने 1 नवंबर को ककोड़ रोड स्थित भोजपुरा गांव में एक संदिग्ध युवक को डिटेन कर तलाशी ली। उसके पास से बड़ी संख्या में बैंक दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में उसकी पहचान दिलखुश मीणा (25) पुत्र आत्माराम मीणा निवासी धारोला, थाना नगरफोर्ट के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर निवेश का झांसा देकर करता था ठगी पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया ऐप के जरिए आमजन को रुपये निवेश करने पर कम समय में मोटी रकम मिलने का लालच देता था। इस झांसे में लेकर लोगों से ठगी करता था। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज दो शिकायतों में एक लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई है। आरोपी के पास से मिले बैंक दस्तावेजों की संबंधित बैंकों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इन खातों और दस्तावेजों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया गया हो सकता है। इनके आधार पर ठगी के नेटवर्क और अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।