नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर नागौर से है। बारूद बनाते समय ब्लास्ट होन से 2 भाइयों की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें 1. नागौर में बारूद बनाते समय ब्लास्ट, 2 भाइयों की मौत राजस्थान के नागौर में बारूद के गोदाम में गुरुवार सुबह ब्लास्ट हो गया। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई। धमाके के कारण भाइयों की बॉडी के कई टुकड़े हो गए। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद गोदाम के बाहर जमा लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को वहां से खदेड़ा। पूरी खबर पढ़ें 2. सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों में लाठी-डंडे चले, एक की मौत राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे फेज में आज सरपंच के 3716 और वार्ड पंच के 34,218 पदों के लिए वोटिंग हुई। सीकर में भोज्या की ढाणी पंचायत में प्रत्याशी अरुण पारीक से प्रतिद्वंद्वी किशोर कुमार कुमावत और उसके करीब 50 समर्थकों ने मारपीट की। इससे अरुण पारीक घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें 3. दिल्ली रैली में नहीं गए यूथ-कांग्रेस के 43 पदाधिकारी सस्पेंड दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई रैली में नहीं जाने पर यूथ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हुई है। यूथ कांग्रेस ने दिल्ली रैली में नहीं जाने पर 43 पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। इनमें 12 जिलाध्यक्ष और 31 प्रदेश पदाधिकारी शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें 4. 80-दिन बाद मिलीं अग्निवीर की अस्थियां, मां रोते-रोते बेसुध अलवर के अग्निवीर समुद्र गुर्जर (24) की श्रद्धांजलि यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। समुद्र 14 अगस्त 2026 को अरुणाचल प्रदेश की दिबांग वैली में हुए भूस्खलन में लापता हो गए थे। उनकी मई 2026 में ही शादी हुई थी। लापता होने के करीब 80 दिन बाद सेना ने 3 नवंबर को उनके परिवार को अरुणाचल प्रदेश बुलाया और समुद्र के पहचान की जानकारी दी। परिवार ने वहीं उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 5. अश्विनी वैष्णव अपने ससुराल में बोले-मैं नाराज फूफा नहीं हूं बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ' अभियान के तहत रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर में पदयात्रा निकाली। रेल मंत्री ने कहा- ‘जयपुर से मेरा रिश्ता है। मैं यहां का बेटा हूं। कभी लोग मुझे दामाद तो कभी फूफा बना देते हैं, लेकिन मैं नाराज फूफा नहीं हूं। ’ बता दें कि अश्विनी वैष्णव का जयपुर में ससुराल है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. किसान की गर्दन के आर-पार हुई 13 सेमी लंबी लकड़ी पाली में बुलेट ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान उछलकर बबूल के पेड़ पर गिर गया। बबूल की लकड़ी किसान की गर्दन के आरपार हो गई। पिकअप चालक ने घायल किसान को बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 2 घंटे तक ऑपरेशन कर गर्दन में फंसी 13 CM लंबी लकड़ी निकाली। पूरी खबर पढ़ें 7. शराब के नशे में कार ड्राइवर ने 2-युवकों को कुचला,मौत जयपुर के आमेर में कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवक चार महीने पहले ही पिता बना था। वहीं, दूसरे युवक के घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। आरोप है कि कार ड्राइवर नशे में था। पूरी खबर पढ़ें 8. JEN बोला-AEN के कहने पर ली थी रिश्वत कोटा एसीबी ने बूंदी जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में संविदाकर्मी JEN भानुप्रताप को ट्रैप किया। एसीबी के अनुसार-पकड़े गए संविदाकर्मी ने रिश्वत की रकम AEN के कहने पर लेने की बात कही। इसके बाद एसीबी टीम ने आरोपी के मोबाइल से AEN के मोबाइल पर फोन करवाकर दोनों के बीच बातचीत करवाई। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. जयपुर में एक लाख 11 हजार रुपए किलो की मिठाई जयपुर में दीपावली पर 1.11 लाख रुपए किलो की ‘स्वर्ण प्रसादम’ मिठाई चर्चा में है। 24 कैरेट सोने के वर्क से बनी इस मिठाई का एक पीस 3500 रुपए का है....वहीं चांदी भस्म की मिठाई 75 हजार रुपए किलो बिक रही है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास 10. हर्षोल्लास से मनाया जाएगा धनतेरस पर्व देशभर में पांच दिवसीय पंचदीप महापर्व का शुभारंभ कल 6 नवंबर से होगा। इसके पहले दिन धनतेरस का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।