नागौर शहर में नेशनल हाईवे-62 पर वासुदेव होटल के सामने सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे डंपर और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए। दोनों को निजी वाहन से जवाहरलाल नेहरू जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हादसे के बाद डंपर ड्राइवर वाहन सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया। तिराहे पर मुड़ रहा था डंपर, बाइक से हुई टक्कर प्रत्यक्षदर्शी अर्जुन ने बताया कि दोनों युवक बाइक से नागौर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड पर बने तिराहे के पास डंपर ड्राइवर बीकानेर की तरफ जाने के लिए वाहन मोड़ने लगा। तभी सामने से आ रहे बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे और डंपर के अगले हिस्से से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। CCTV फुटेज में कैद हुआ हादसा दुर्घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें डंपर और बाइक के बीच हुई टक्कर का घटनाक्रम कैद हुआ है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। चुंटीसरा गांव के रहने वाले हैं दोनों घायल घायलों की पहचान चुंटीसरा गांव निवासी पांचाराम मेहरा और दानाराम मेहरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पांचाराम मेहरा LIC का काम करते हैं, जबकि दानाराम मेहरा किसान हैं। दोनों किसी निजी काम से निकले थे और वापस नागौर की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड पर हादसे का शिकार हो गए। गंभीर हालत में जोधपुर रेफर हादसे के बाद दोनों घायलों को निजी वाहन से नागौर के जवाहरलाल नेहरू जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया। डंपर चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।