नागौर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नकाश गेट के पास बुधवार शाम कचरे के ढेर में आग लग गई। आग की लपटें पास में लगे 11 KV विद्युत ट्रांसफार्मर तक पहुंच गईं, जिससे ट्रांसफार्मर जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:20 बजे नकाश गेट के पास कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पास में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर तक पहुंच गईं और उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे 11 KV ट्रांसफार्मर जल गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। समय रहते आग पर पाया काबू, टला बड़ा हादसा कचरे के ढेर से उठी आग के विद्युत ट्रांसफार्मर तक पहुंचने से बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। हालांकि, पुलिस और दमकल की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में ट्रांसफार्मर जलने से नुकसान हुआ है।