राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से नवंबर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए नागौर जिला टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रविवार को राजकीय जिला स्टेडियम में आयोजित ट्रायल में करीब 130 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई। नागौर जिला क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी के कन्वीनर और रणजी खिलाड़ी राजेश विश्नोई ने बताया कि ट्रायल सुबह 10 बजे शुरू हुई। इसमें उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया गया, जिनका जन्म 1 सितंबर 2012 से 31 अगस्त 2014 के बीच हुआ है। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के मूल दस्तावेजों की जांच भी की गई। इनमें कंप्यूटराइज्ड जन्म प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र और खिलाड़ी व माता-पिता के आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल थे। 130 खिलाड़ियों में से बनेंगी चार टीमें राजेश विश्नोई ने बताया कि रविवार को करीब 3 बजे तक ट्रायल प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की चार टीमें बनाई जाएंगी। इन टीमों के बीच आगामी दिनों में मैच करवाए जाएंगे। मैचों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बेहतर खिलाड़ियों का चयन कर नागौर जिले की अंतिम टीम तैयार की जाएगी। बोन एज टेस्ट भी होगा एडहॉक कमेटी के सदस्य मुकेश भार्गव और दिलीप सोलंकी ने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों का बोन एज टेस्ट भी करवाया जाएगा। अंतिम चयन में ट्रायल के प्रदर्शन के साथ खिलाड़ियों के पिछले वर्षों के खेल प्रदर्शन को भी आधार बनाया जाएगा।