बारां के नाहरगढ़ में वन विभाग कार्यालय में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में 5 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। आरोपियों पर जब्त जनरेटर छुड़ाकर ले जाने का भी आरोप है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि 1 नवंबर को वनरक्षक प्रदीप सिंह राठौड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वन विभाग की टीम ने झिरी के टापरा से अवैध जनरेटर जब्त कर नाहरगढ़ रेंज कार्यालय लाया था। दिनदहाड़े घुसकर की थी मारपीट रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 2 बजे नरेश मीणा लगभग 1,000 समर्थकों के साथ कार्यालय में घुसा। आरोप है कि उन्होंने स्टाफ के साथ मारपीट और गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और सरकारी काम में रुकावट डाली। उन्होंने जनरेटर की जब्ती से जुड़े कागज और पंचनामा फाड़ दिया और जनरेटर जबरन ले गए। इस मामले में नाहरगढ़ थाने में केस दर्ज किया गया। विशेष टीम ने वीडियो के आधार पर पहचान कर पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 3 नवंबर को मोयन्दा निवासी गजराज गुर्जर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ मारपीट, लूट और हत्या के प्रयास के पांच मामले पहले से दर्ज हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।