भास्कर न्यूज | बाड़मेर पश्चिमी राजस्थान का बाड़मेर-बालोतरा इलाका अब देश के सबसे बड़े क्रूड ऑयल प्रोडक्शन और रिफाइनिंग हब के रूप में उभर रहा है। पचपदरा में 9 मिलियन टन क्षमता वाली HPCL रिफाइनरी तैयार है। 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। हजारों करोड़ के निवेश और रोजगार के नए अवसरों के बीच एक बड़ी कमी अब भी महसूस की जा रही है। ऐसे में आर्थिक विकास के साथ बाड़मेर- बालोतरा से दिल्ली एनसीआर व जयपुर की सीधी सुविधाजनक कनेक्टिविटी का अभाव है। रेलवे लाइन विद्युतीकृत है। ट्रैक पूरी तरह तैयार है। इसके बावजूद बाड़मेर से दिल्ली के बीच अभी तक कोई सीधी, आरामदायक ट्रेन सेवा नहीं है। सड़क मार्ग का रूट लंबा और थकाऊ है। हवाई सेवा 100 किमी. दूर जोधपुर में है। बाड़मेर में 10 सालों से हवाई सेवा भी अब तक मूर्त रूप नहीं ले पाई है। ऐसे में रेलवे को सबसे व्यवहारिक विकल्प माना जा रहा है। > बालोतरा से जयपुर तक 279 किमीं बनेगा भारतमाला हाइवे: अमृतसर-जामनगर हाइवे को सीधे दिल्ली-मुंबई हाइवे से कनेक्ट करने के लिए 279 किमी. भारतमाला हाइवे बनेगा। इसके लिए करीब 11 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जमीन अवाप्ति का काम शुरू हो गया है। यह सिक्सलेन हाइवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस से जोड़ने के लिए जयपुर में 52 किमी, अजमेर में 52 से 120 किमी, ब्यावर में 120 से 161 किमी, पाली में 161 से 226 किमी, जालोर 226 से 235 किमी व बालोतरा में 235 से 278 किमी निर्माण होगा। इस हाइवे के बनने के बाद बालोतरा से दिल्ली तक 6 लेन हाइवे कनेक्टिविटी हो जाएगी। > रिफाइनरी के साथ बालोतरा-बाड़मेर का या​त्रीभार भी बढ़ेगा। हर राजे सैकड़ों लोगों का आवागमन होगा। स्थानीय व्यापारी, रिफाइनरी से जुड़े अधिकारी और युवा लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि दिल्ली-जोधपुर के बीच चलने वाली सुपरफास्ट ट्रेनों को बाड़मेर तक बढ़ाया जाए। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की जाए। सुबह दिल्ली या बाड़मेर पहुंचा जा सके। यह मांग व्यावहारिक है। दिल्ली-जोधपुर रूट पहले से संचालित है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पहले ही राजस्थान को नई ट्रेनें और वंदे भारत देने के संकेत दे चुके हैं। रिफाइनरी उद्घाटन के साथ ही रेलवे कनेक्टिविटी को लेकर भी कोई घोषणा होती है, तो यह क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा। > रिफाइनरी से जुड़े निवेशक और अधिकारी नियमित आवाजाही करेंगे। > पेट्रोकेमिकल इंडस्ट्री का विस्तार तेजी से होगा। > स्थानीय युवाओं को रोजगार और इंटरव्यू/जॉब मूवमेंट में सहूलियत मिलेगी। > पर्यटन और बिजनेस ट्रैवल दोनों को बढ़ावा मिलेगा। > उड़ान योजना के तहत बाड़मेर में एयरपोर्ट का तेजी से विकास हो। > बड़े शहरों से डायरेक्ट फ्लाइट सुविधा मिले। > बाड़मेर से जोधपुर तक हाइवे का चौड़ीकरण हो, फोर लेन हाइवे बने। ^बाड़मेर-बालोतरा में आर्थिक विकास के साथ रेल, हवाई और सड़क से बेहतर कनेक्टिविटी बढ़ाने की जरूरत है। भाभर तक रेल लाइन का सर्वे हो गया था, अब बेवजह दुबारा सर्वे करके काम में देरी की जा रही है। -हरीश चौधरी, विधायक बायतु ^बाड़मेर में वॉशिंग लाइन का काम पूरा होने पर देश के कई कोनों से रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी। बाड़मेर से कई नई ट्रेनें शुरू होगी। सड़क कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए बालोतरा से जयपुर तक सिक्सलेन भारत माला हाइवे बनने वाला है। -अरुण चौधरी, विधायक पचपदरा