नीमकाथाना शहर में अवैध पटाखों की बिक्री के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सब्जी मंडी स्थित सुरेश कुमार एवं रमेश कुमार मंडोली की दुकान पर छापेमारी कर 10 क्विंटल से अधिक पटाखे बरामद किए गए। दुकान पर बिना लाइसेंस खुलेआम पटाखों की बिक्री की जा रही थी। वहीं गोदाम में भी भारी मात्रा में पटाखों का स्टॉक मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। डीएसपी सुशील मान ने बताया कि प्रशासन को शिकायत मिली थी कि सब्जी मंडी जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और पटाखे जब्त किए। तहसीलदार वीपी सिंह नरुका ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखों की बिक्री से बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। एएसआई सरदार मल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटाखों को जब्त किया।