राजसमंद | अनन्ता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाकर चिकित्सा सेवा के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प दिलाया गया। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि समारोह गरिमापूर्ण माहौल में हुआ। अनन्ता चैरिटेबल एज्युकेशनल सोसायटी के चेयरमैन नारायणसिंह राव ने कहा कि सफेद कोट केवल परिधान नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति विश्वास, करुणा, समर्पण और समाज सेवा की जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा बनाए रखने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने और नैतिक मूल्यों के साथ निरंतर सीखने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रिंसिपल डॉ. संजय गुप्ता और मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अंजलि गुप्ता ने चिकित्सा क्षेत्र में मानवीय मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यार्थियों को जिम्मेदारी के साथ चिकित्सा सेवा करने के लिए ‘महर्षि चरक शपथ’ दिलाई गई। समारोह में चीफ फाइनेंस कंट्रोलर नरेश खतुरिया, सीएओ डॉ. एसके गौतम, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दक्ष शर्मा सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।