टोंक में निवाई के पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा ने कहा- प्रधान आप बनाओगे तो BJP की ईंट से ईंट मैं बजाऊंगा। जिला प्रमुख कांग्रेस का बिठाओगे, तो जूते तो मैं दे दूंगा। हालांकि, जूते किसके दूंगा ये तो पता नहीं। मैं अफसरों की बात नहीं कर रहा हूं। उनके तो हाथ जोड़-जोड़कर काम करा लेता हूं। पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा बोले- निवाई का MLA तो पिटता ही पिटता है, वर्तमान MLA के भी दो साल बचे हैं, उनको भी कहूंगा कि भाई साहब बच के रहना। प्रशांत बैरवा रविवार शाम 5 बजे टोंक (पहाड़ी कट इलाके) में पत्नी सुषमा बैरवा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे। सुषमा बैरवा जिला परिषद सदस्य के लिए वार्ड नंबर 22 से कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। यहां 14 नवंबर को वोटिंग होगी। बोले- लोग भाटे (पत्थर) से स्वागत करने के लिए बैठे थे पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा ने कहा कि सीआर (पंचायत समिति सदस्य) और डीआर (जिला परिषद सदस्य ) को जिताओ। उन्होंने कहा वे चुनाव के दौरान पूरी तरह लोगों के बीच नहीं जा पाए। कई जगह लोग उनका स्वागत भाटे से करने के लिए बैठे थे तो कई जगह लट्ठ लेकर तैयार थे। ‘न दलाली की, न लूटकर गया, फिर भी गांव से भगा रहे थे’ बैरवा ने कहा- मेरी समझ में नहीं आया कि मैं चुनाव लड़ने बैठा हूं या किसी को भगाकर ले गया हूं। न तो मैंने दलाली की, न लूटकर गया, फिर भी लोग मुझे गांव से भगा रहे थे। मैं साफ सुथरा निकल गया, यह बहुत बड़ा अचीवमेंट है। पूर्व प्रधान ने मोदी सरकार पर लगाए आरोप कार्यक्रम में पूर्व प्रधान चंद्रकला गुर्जर ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश को उद्योगपतियों के हाथों गिरवी रख दिया है। उन्होंने गांवों में विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों को बीसलपुर का पानी तक पीने के लिए नहीं मिल रहा है।