पाली | नवंबर का महीना मारवाड़ में मौसम में बदलाव लाएगा। इस महीने में पंखे बंद हो जाएंगे और रजाई और स्वेटर की जरूरत महसूस होने लगेगी। पाली जिले में अब सुबह और शाम के वक्त गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। अक्टूबर की विदाई के साथ ही मारवाड़ के मौसम ने करवट ले ली है। अब सुबह और शाम के वक्त गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि, दिन में खिली तेज धूप के कारण अभी भी हल्की गर्माहट बाकी है, लेकिन सूरज ढलते ही सर्द हवाएं अपना असर दिखाने लगी हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह पूरा महीना मौसम में बड़े बदलावों का गवाह बनेगा। पहला सप्ताह (1 से 7 नवंबर): इस पहले हफ्ते में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिलेगा। दिन के समय तेज धूप निकलेगी, जिससे हल्की गर्मी और चुभन महसूस होगी। हालांकि, सूरज ढलते ही मौसम में ठंडक घुलने लगेगी। दिन का पारा 32°C से 34°C और रात का न्यूनतम पारा 18°C से 20°C के बीच रहने का अनुमान है। दूसरा सप्ताह (8 से 14 नवंबर): इस सप्ताह से सर्दी अपना रंग दिखाना शुरू कर देगी। रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। अलसुबह और देर रात को दोपहिया वाहन चलाने वालों को हल्की सर्दी का अहसास होगा। सुबह खुले इलाकों और खेतों के आसपास हल्की धुंध (ओस) नजर आ सकती है। दिन का पारा लुढ़ककर 30°C से 32°C और रात का पारा 15°C से 17°C तक आ सकता है। तीसरा सप्ताह (15 से 21 नवंबर): तीसरे सप्ताह में मारवाड़ में सर्दी पूरी तरह से सेट हो जाती है। दिन में धूप सुहावनी लगने लगेगी और पंखे-एसी पूरी तरह से बंद हो जाएंगे। रात के समय घरों में रजाई और कंबल निकल जाएंगे। उत्तर भारत में अगर बर्फबारी होती है, तो उसकी ठंडी हवाएं मारवाड़ तक पहुंचनी शुरू हो जाएंगी। अधिकतम तापमान 28°C से 30°C और न्यूनतम तापमान 12°C से 14°C के बीच रहेगा। चौथा सप्ताह (22 से 30 नवंबर): महीने के अंतिम सप्ताह तक सर्दी अपने पूरे शबाब की ओर बढ़ने लगेगी। इस दौरान उत्तरी हवाओं का असर बढ़ने से विंड चिल फैक्टर (हवा के कारण लगने वाली सर्दी) बढ़ जाएगा। सुबह के समय कड़ाके की सर्दी महसूस होगी। दिन का पारा 25°C से 27°C तक सिमट जाएगा, वहीं रात का न्यूनतम पारा गिरकर 10°C से 12°C (ग्रामीण इलाकों में इससे भी कम) तक पहुंच सकता है।