पाली जिले के सुमेरपुर उपखंड क्षेत्र के नोवी गांव में जवाई नदी पर ऊंचे और नए पुल के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जयपुर जाकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि सालों पुरानी इस समस्या को लेकर वे मंत्री जोराराम कुमावत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से भी मिले थे लेकिन समस्या का समाधा नहीं हो सका। दरअसल, नोवी गांव में जवाई नदी पर बना मौजूदा पुल बारिश के मौसम में ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन जाता है। जब भी जवाई बांध के गेट खोले जाते हैं या तेज बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव बढ़ता है, तो पुल पर पानी आने से गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कई दिनों तक कट जाता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान पर बन आती है पुल पर पानी का बहाव बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशानी बीमार लोगों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन सेवाओं को लेकर होती है। ग्रामीणों का कहना है कि संपर्क मार्ग बंद होने के कारण मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। कई बार समय पर उपचार नहीं मिलने से बीमार लोगों की जान तक जा चुकी है। ऐसे में ग्रामीण लंबे समय से नदी पर ऊंचे और नए पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं। मंत्री और प्रशासन को कई बार सौंप चुके हैं ज्ञापन ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय विधायक एवं केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, जिला प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे हैं। ग्रामीणों ने पुल निर्माण की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी तक दी थी। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। रिपोर्ट तैयार होने के बावजूद नहीं हुआ समाधान जानकारी के अनुसार, सार्वजनिक निर्माण विभाग और स्थानीय मंत्री की ओर से भी इस समस्या के समाधान को लेकर पूर्व में रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद पुल निर्माण को लेकर धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। अब ग्रामीण अरविंद कुमार जोशी ने मुख्यमंत्री कार्यालय तक मामला पहुंचाकर एक बार फिर इस मांग को प्रमुखता से उठाया है।