नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई-मेन के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए आवेदन नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब अगर ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी अभ्यर्थी से गलती हो जाती है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। एनटीए ने ऐसे स्टूडेंटस को दोबारा नया ऑनलाइन आवेदन करने की अनुमति दे दी है। हालांकि, नया फॉर्म भरने पर पहले जमा कराई गई फीस न तो वापस मिलेगी और न ही उसका नए फॉर्म में कोई इस्तेमाल होगा। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार जारी अधिसूचना में मल्टीपल एप्लीकेशन से जुड़े इन नए नियमों की जानकारी दी गई है। नया फॉर्म, नया एप्लीकेशन नंबर अगर कोई स्टूडेंट नया आवेदन करता है, तो उसे एक नया एप्लीकेशन नंबर जारी किया जाएगा। इसके तहत केवल पुरानी जानकारी में संशोधन ही नहीं, बल्कि पूरी आवेदन प्रक्रिया नए सिरे से पूरी करनी होगी। अभ्यर्थी को अपनी फोटो, हस्ताक्षर और सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट फिर से अपलोड करने होंगे। परीक्षा फीस को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। रिफंड नहीं होगी फीस अगर विद्यार्थी पहले आवेदन का एप्लीकेशन नंबर जनरेट कर फीस जमा करा चुका है और फिर नया फॉर्म भरता है, तो पहले दी गई फीस लौटाई नहीं जाएगी। न ही उस राशि को नए आवेदन शुल्क के साथ एडजस्ट किया जाएगा। नया आवेदन मान्य कराने के लिए अभ्यर्थियों को दोबारा पूरा परीक्षा शुल्क देना होगा। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि केवल नया ऑनलाइन फॉर्म भर देने से वह वैध नहीं माना जाएगा। नए आवेदन के लिए शुल्क का भुगतान होना और कन्फर्मेशन पेज जनरेट होना जरूरी है।