पाली में सोमवार सुबह भाजपा की ओर से शहर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा बांगड़ स्कूल तिराहे से रवाना हुई, जो कलेक्ट्रेट, अहिंसा सर्किल और सूरजपोल होते हुए अंबेडकर सर्किल पहुंचकर संपन्न हुई। पूरी पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपाई पैदल चलते नजर आए। भाजपा की इस पदयात्रा को कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली के जवाब में काउंटर माना जा रहा है। पदयात्रा में सबसे आगे डीजे पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ गीत बज रहा था। इसके पीछे भाजपा नेता हाथों में पोस्टर लेकर चल रहे थे। वहीं, कई कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लोकतंत्र बचाने का संदेश लिखा हुआ था। पदयात्रा के दौरान कोतवाल रविन्द्र सिंह खिंची के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। पदयात्रा में भाजपा नेता राजेंद्र गहलोत (जोधपुर), जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, महापौर नमिता बुबकिया, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, जिला महामंत्री नारायण कुमावत, दिग्विजय सिंह राठौड़, तिलोक चौधरी, प्रताप सिंह बिठियां, देवाराम, देवीलाल मेघवाल, गोपाल बंजारा, सुरेश पंवार, सुदर्शन सिंह उदावत, रमेश परिहार, प्रताप सिंह जोधा, मानवेंद्र सिंह भाटी, विक्रमपाल सिंह और राहुल मेवाड़ा सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।