पाली शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र स्थित सरदार पटेल नगर में मंगलवार सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। रास्ते की जमीन पर बने करीब 40 साल पुराने दो मंजिला मकान को कोर्ट के आदेश पर ध्वस्त किया गया। प्रशासन और नगर निगम की टीम सुबह करीब 5 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान में रह रहे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद निगम की टीम ने मकान में रखा सामान खाली करवाया और सुबह 7:54 बजे जेसीबी की मदद से मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। मौके पर एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत, एएसपी ओमप्रकाश चौधरी, सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत और नगर निगम आयुक्त सहित पुलिस व निगम का भारी जाब्ता तैनात रहा। एहतियात के तौर पर मकान के दोनों तरफ के रास्ते भी बंद कर दिए गए। सुशील डागा पर हमले के बाद फिर तेज हुई कार्रवाई दरअसल, 27 अक्टूबर को फैक्ट्री से स्कूटी पर घर जा रहे 43 वर्षीय बिजनेसमैन सुशील डागा पर हर्षित मेवाड़ा सहित कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया था। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण को लेकर सुशील डागा ने अतिक्रमण करने वाले भिखाराम मेवाड़ा के खिलाफ कोर्ट में मामला दायर किया था। सुशील डागा पर हुए हमले के मामले में 28 अक्टूबर को श्री संघ सभा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र भारद्वाज और एसपी मोनिका सैन से मिले थे। उन्होंने कोर्ट के आदेश की पालना करवाते हुए अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन फिर सक्रिय हुआ और मंगलवार को कार्रवाई की गई। एक साल पहले भी पहुंची थी टीम, विरोध के चलते नहीं हटा था अतिक्रमण जानकारी के अनुसार, करीब एक साल पहले भी अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिवार के विरोध के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी थी। इस बार कोर्ट के आदेश पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मकान ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।